रायपुर , फरवरी 26 -- छत्तीसगढ़ सरकार ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के गौरवशाली 100 वर्षों की यात्रा पर आधारित फिल्म 'शतक' को टैक्स फ्री' करने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को राजधानी रायपुर स्थित जोरा मॉल में यह फिल्म देखी। इस अवसर पर उनके साथ मंत्रिमंडल के सदस्य तथा जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
श्री साय ने फिल्म के प्रदर्शन के बाद कहा कि 'शतक' केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, जनसेवा और समर्पण की सतत साधना का सजीव चित्रण है। संघ की प्रेरक गाथा जन-जन तक पहुँचे और नयी पीढ़ी को राष्ट्र सेवा की भावना से प्रेरणा मिले, इस उद्देश्य से छत्तीसगढ़ में इस फिल्म को टैक्स-फ्री करने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार जी के तप, त्याग और दूरदर्शी विचारों से प्रारंभ हुई इस यात्रा को पूजनीय माधवराव सदाशिवराव गोलवलकर जी ने नयी दिशा और संगठनात्मक शक्ति प्रदान की। एक शताब्दी का यह इतिहास लाखों स्वयंसेवकों के अनुशासन, समर्पण और 'राष्ट्र प्रथम' की भावना का जीवंत प्रमाण है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित