नयी दिल्ली , अक्टूबर 28 -- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) जनसम्पर्क अभियान के तहत राष्ट्रीय राजधानी में 29 नवंबर को 'राष्ट्र वंदनम' नाम से जनसंपर्क कार्यक्रम का आयोजित करेगा, जिसमें सरसंघचालक मोहन भागवत भी शामिल होंगे।

आरएसएस के दिल्ली प्रांत के कार्यवाह अनिल गुप्ता ने बुधवार को बताया कि यह कार्यक्रम दिल्ली के रोहिणी सेक्टर 23 स्थित 'समरसता स्थल' पर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 24 नवंबर से कार्यक्रम स्थल पर तैयारियां शुरू हो जाएगी और इसकी व्यवस्था में लगभग 5,000 स्वयंसेवक जुटे होंगे।

इस कार्यक्रम में सेवानिवृत्त नौकरशाहों, खिलाड़ियों, समाजसेवियों और नागरिक समाज के प्रमुख सदस्यों सहित विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी अतिथियों के लिए विशिष्ट क्यूआर कोड जारी किए जाएंगे, जिनके माध्यम से कार्यक्रम स्थल में प्रवेश मिलेगा। उन्होंने बताया कि यह व्यवस्था कार्यक्रम में व्यवस्थित बनाने और सुरक्षित रखने के लिए की गयी है।

श्री गुप्ता ने बताया कि गणतंत्र दिवस के मौके पर कर्तव्य पथ पर आयोजित होने वाली परेड की भांति 'राष्ट्र वंदनम' में संघ का पारंपरिक बैंड, 'जय घोष' भी अपनी प्रस्तुति देगा, जिसमें लगभग 2,000 स्वयंसेवक अपने 'गण वेश' में शामिल होंगे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ आरएसएस की सामाजिक पहलों पर चर्चा होगी।

कार्यक्रम के दौरान 'नशामुक्त' अभियान भी शुरू किया जाएगा, जिसका उद्देश्य नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खिलाफ जागरूकता बढ़ाना है। इसके अतिरिक्त, संघ इस समय वृक्षारोपण अभियान चला रहा है जिसके अंतर्गत 50,000 लगाने का लक्ष्य है। श्री गुप्ता ने बताया कि अब तक 30,000 पौध लगाये जा चुके हैं जिनकी ऊंचायी औसतन छह करीब फुट की है ताकि उनके जीवन की संभावना का अनुपात 80-90 शत प्रतिशत तक रहे।

इस बीच आरएसएस की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक2-4 नवंबर तक मध्य प्रदेश के इंदौर नगर में होने जा रही है। इस बैठक में श्री भागवत और आरएसएस के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले सहित संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में आरएसएस के शताब्दी वर्ष समारोहों से संबंधित गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी और समकालीन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों, सामाजिक चुनौतियों और भू-राजनीतिक घटनाक्रमों पर भी गहन चर्चा होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित