अलवर, 31अगस्त (वार्ता) राजस्थान में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के कार्यकर्ताओं ने अलवर मिनी सचिवालय पहुंचकर स्थानीय प्रशासन और अधिकारियों की कार्यप्रणाली के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
वार्ड नंबर 38 से आरएलपी प्रत्याशी सुनील ऐलावत ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया कि दो दिन की छुट्टियों के बाद भी व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमराई हुई हैं।
सुनील ऐलावत के अनुसार, करीब 70 फॉर्म जमा होने थे। इसके लिए अभ्यर्थियों ने तीन-तीन हजार रुपये की रसीदें कटवाईं और टाइपिंग एवं कागजी प्रक्रिया पूरी कराई। बावजूद इसके, सुबह से ही लोग भूखे-प्यासे कतारों में खड़े रहे, लेकिन नायब तहसीलदार के समय पर हस्ताक्षर न करने और धीमी प्रक्रिया के कारण काम अटका रहा। आरएलपी नेताओं ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस संबंध में अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) से वार्ता की, लेकिन वहां से भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। मिनी सचिवालय परिसर में चार घंटे तक खड़े रहने के बावजूद अधिकारियों ने जनसमस्याओं को अनदेखा किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित