जालंधर , मार्च 18 -- भारतीय इन्कलाबी मार्क्सवादी पार्टी (आरएमपीआई) के महासचिव मंगत राम पासला ने बीती रात पार्क प्लाजा होटल पर 'पीला पंजा' (बुलडोजर) चलाए जाने की अवैध कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा की है।

श्री पासला ने बुधवार को कहा कि पंजाब सरकार अब देश की शीर्ष अदालत की भी घोर अनदेखी करने पर उतारू है। उन्होंने कहा कि जब इस होटल से संबंधित मामला अभी विचाराधीन हैं तब अत्यंत दुखद और आश्चर्यजनक है कि शीर्ष अदालत के फैसले का इंतजार किए बिना, निचली अदालत के एक फैसले को आधार बनाकर होटल का बड़ा हिस्सा बुलडोजर से ढहा दिया गया है। उन्होंने आगे कहा कि प्रतिशोध की भावना से की गई इस कार्रवाई का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने के बदले में लगभग सभी विपक्षी दलों के नामी राजनीतिक नेताओं को हवालात में डाल दिया गया है।

उन्होंने कहा कि हालांकि राज्य की उच्च अदालत ने बीती रात होटल को ढहाने की कार्रवाई पर फिलहाल रोक लगा दी है, लेकिन पंजाब के निवासियों को मुख्यमंत्री की इस धक्केशाही का गंभीर संज्ञान लेना चाहिए। उन्होंने पंजाब के लोकतांत्रिक हल्कों से इस तानाशाही का पुरजोर और एकजुट होकर विरोध करने की अपील भी की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित