रायपुर , अप्रैल 12 -- छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में स्थित आरंग क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडर की लगातार कमी से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा रविवार को सड़कों पर फूट पड़ा। सिलेंडर आपूर्ति नहीं होने से नाराज लोगों ने आरंग-खरोरा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे यातायात प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में संचालित एकमात्र गैस एजेंसी द्वारा निर्धारित तिथि पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराए जाने से उपभोक्ताओं में आक्रोश बढ़ गया। सुबह से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एजेंसी के बाहर कतार में खड़े थे लेकिन बाद में उन्हें बताया गया कि सिलेंडर की आपूर्ति नहीं हो पाएगी। इसके बाद लोगों ने विरोध स्वरूप मुख्य सड़़क पर जाम लगा दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि वे पिछले तीन से चार सप्ताह से गैस सिलेंडर के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं, बावजूद इसके उन्हें समय पर आपूर्ति नहीं मिल रही। कई उपभोक्ताओं को लंबी दूरी तय कर एजेंसी तक पहुंचना पड़ता है और घंटों इंतजार के बाद भी निराश लौटना पड़ता है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया और यातायात बहाल कराया।
उल्लेखनीय है कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में उपभोक्ता होने के बावजूद गैस आपूर्ति व्यवस्था सुचारू नहीं है। हाल ही में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों की बैठक में व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए थे लेकिन अब तक स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया है।
ग्रामीणों ने गैस वितरण प्रणाली में पारदर्शिता लाने और वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की समस्याओं से राहत मिल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित