भुवनेश्वर , अक्टूबर 07 -- ओडिशा सतर्कता (विजिलेंस) विभाग ने आय के ज्ञात स्रोतों से 309 प्रतिशत अधिक संपत्ति रखने के आरोप में सड़क एवं भवन निर्माण विभाग के एक अधिशासी अभियंता को गिरफ्तार किया है। भ्रष्टाचार निरोधक एजेंसी ने जांच के दौरान आरोपी अधिकारी के पास से 23 बहुमूल्य भूखंड (प्लाट), दो बहुमंजिला भवन और एक पांच एकड़ का फार्महाउस बरामद किया है।
मयूरभंज जिले के बेतनटी में 'आर एंड बी' उप-प्रभाग के अधिशासी अभियंता अरबिंद मोहंती को उनके सक्रिय साझेदार (ठेकेदार) विश्वनाथ पाल के साथ गिरफ्तार किया गया है। विजिलेंस अधिकारियों ने दोनों आरोपियों को बारीपदा में विशेष न्यायाधीश (विजिलेंस) की अदालत में पेश किया।
विजिलेंस की छापेमारी के दौरान मोहंती और उनके परिजनों के नाम पर बालेश्वर के अंगरगड़िया में लगभग 3,500 वर्ग फुट का तीन मंजिला भवन और खोर्धा के बलियांता में लगभग 1,800 वर्ग फुट का दो मंजिला मकान पाया गया। इसके अलावा बालेश्वर के बसंतपुर में पांच एकड़ का एक फार्महाउस मिला, जिसमें दो मछली तालाब और एक पोल्ट्री फार्म संचालित हो रहा था।
तलाशी अभियान के दौरान बालेश्वर में ठेकेदार विश्वनाथ पाल के आवास से मोहंती के 20 भूखंडों से संबंधित दस्तावेज बरामद किए गए। इनमें से कुछ दस्तावेजों को जमीन के नीचे गाड़कर रखा गया था, जिन्हें खुदाई करके बाहर निकाला गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित