वाराणसी , अगस्त 14 -- जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला आयुष समिति (शासी निकाय) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में आयुष विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों और चिकित्सा सेवाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने आयुर्वेद, यूनानी और होम्योपैथिक चिकित्सा सेवाओं की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनपदवासियों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुगम आयुष चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने आयुष चिकित्सालयों एवं औषधालयों में आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान आयुष चिकित्सालयों के संचालन, चिकित्सकों एवं अन्य कर्मचारियों की उपलब्धता, दवाओं की आपूर्ति, मरीजों को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं तथा विभागीय योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि आयुष सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों द्वारा चिकित्सालयों एवं संबंधित केंद्रों का नियमित निरीक्षण किया जाए।

उन्होंने कम ओपीडी वाले आयुष चिकित्सालयों को चिन्हित कर मरीजों की संख्या बढ़ाने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही आयुष चिकित्सा पद्धतियों के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किए जाने पर जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक लोग इन सेवाओं का लाभ उठा सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित