चंडीगढ़ , फरवरी 17 -- हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा है कि राज्यभर के आयुष अस्पतालों में लंबे समय से रिक्त पड़े पदों को शीघ्र भरा जाएगा। इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिये गये हैं, ताकि भर्ती प्रक्रिया में तेजी लायी जा सके और स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आयुष चिकित्सा पद्धतियों को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद योग, यूनानी और अन्य पारंपरिक उपचार प्रणालियों के माध्यम से लोगों को समग्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। पर्याप्त स्टाफ की नियुक्ति से अस्पतालों में मरीजों को बेहतर और समयबद्ध सेवाएं मिल सकेंगी।

उन्होंने जानकारी दी कि भिवानी में 25 बिस्तरों वाले सरकारी अस्पताल के लिए विभिन्न पदों को मंजूरी प्रदान कर दी गई है। इन पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के निर्धारित मानकों के अनुसार पांच पदों को स्वीकृति दी गयी है।

इसके अतिरिक्त अस्पताल में अंशकालिक आधार पर योग प्रशिक्षकों की भी नियुक्ति की जाएगी जिससे मरीजों को योग संबंधी सेवाएं मिल सकें।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेशवासियों को व्यापक सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी दिशा में आयुष और पारंपरिक चिकित्सा सेवाओं के ढांचे को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित