नयी दिल्ली , मई 19 -- केंद्रीय आयुष और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने आयुष क्षेत्र में डिजिटल शासन को सुदृढ़ करने और पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में मंगलवार को यहां आयुष अनुदान पोर्टल का शुभारंभ किया।

श्री जाधव ने पोर्टल लॉन्च करते हुए कहा कि आयुष ग्रिड केन्द्र सरकार की एक दूरदर्शी डिजिटल पहल है, जिसका उद्देश्य आधुनिक प्रौद्योगिकी के उपयोग के माध्यम से आयुष क्षेत्र के लिए एकीकृत, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित डिजिटल इकोसिस्टम स्थापित करना है। इस पहल के पीछे की सोच को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'व्यापार करने में सुगमता' और 'जीवन जीने में सरलता' के विज़न से प्रेरित होकर, आयुष अनुदान पोर्टल को एक व्यापक डिजिटल मंच के रूप में विकसित किया गया है।"उन्होंने कहा कि यह पोर्टल आयुष क्षेत्र की अनुदान प्रबंधन प्रणाली में क्रांतिकारी बदलाव लाएगा। उन्होंने कहा, "इस पोर्टल का प्राथमिक उद्देश्य अनुदान प्रबंधन प्रक्रिया में शत-प्रतिशत पारदर्शिता, दक्षता, जवाबदेही और सुगम पहुंच सुनिश्चित करना है।" उन्होंने यह भी बताया कि यह पोर्टल संगठनों और संस्थानों को पूरी तरह से ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से प्रस्ताव प्रस्तुत करने में सक्षम बनाकर सरकार के कागज रहित शासन के दृष्टिकोण को बढ़ावा देता है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा, अनुसंधान, स्वास्थ्य सेवाएं, औषधीय पौधों की व्यवस्था, औषधि विनियमन, क्षमता निर्माण और वैश्विक पहुंच जैसे क्षेत्रों में एबीडीएम-अनुरूप आयुष ग्रिड पहल के तहत कई डिजिटल प्लेटफॉर्म पहले ही विकसित किए जा चुके हैं, जिससे पारदर्शी और नागरिक-हितैषी सेवा वितरण सुनिश्चित हो रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित