पटना , सितंबर 23 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में शुरू की गयी 'आयुष्मान भारत' योजना ने इलाज को परिवारों की आर्थिक चिंता से अलग करने का संबल दिया है।

श्री चौधरी ने कहा कि यह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बीमारी के कठिन समय में उम्मीद, सम्मान और आर्थिक सुरक्षा का मजबूत आधार बन रही है।

मुख्यमंत्री ने बुधवार को सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा कि आयुष्मान भारत के तहत पांच लाख रुपये तक का कैशलेस स्वास्थ्य कवरेज उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि 38 हजार से अधिक सूचीबद्ध अस्पतालों के व्यापक नेटवर्क के माध्यम से अब तक 13.25 करोड़ अस्पताल में भर्ती मामलों में उपचार की सुविधा मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत केवल स्वास्थ्य योजना नहीं, बल्कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बीमारी के कठिन समय में आर्थिक सुरक्षा का मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ भारत की दिशा में यह संकल्प लगातार मजबूत हो रहा है।

गौरतलब है कि आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की शुरुआत 23 सितंबर 2018 को की गयी थी। केंद्र सरकार के अनुसार 31 अगस्त 2026 तक योजना के तहत 38 हजार से अधिक सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों के नेटवर्क के माध्यम से करीब 13.25 करोड़ अस्पताल में भर्ती मामलों को वित्तीय सहायता दी गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित