बैतूल , सितंबर 06 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने शनिवार को बैतूल विकासखंड के ग्राम कोसमी स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं और मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया।

कलेक्टर ने केंद्र में दवाओं की उपलब्धता, उनके सुरक्षित भंडारण और मरीजों को दवा वितरण की व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दवाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीण मरीजों को उपचार के लिए अनावश्यक रूप से दूर नहीं जाना पड़े।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में बिजली सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी जानकारी ली। कलेक्टर ने केंद्र में पर्याप्त बिजली और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

डॉ. सोनवणे ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का व्यवस्थित और प्रभावी संचालन स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच मजबूत करने में महत्वपूर्ण है। इन केंद्रों के माध्यम से ग्रामीण नागरिकों को उनके गांव के आसपास ही प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने तथा केंद्र की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी कर उन्हें दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित