श्रीगंगानगर , मार्च 06 -- राजस्थान में राज्य सरकार द्वारा शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में डबल शिफ्ट लागू करने के आदेश को लेकर राजस्थान शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर कार्मिक संघ ने विरोध जताया है।
संघ का कहना है कि यह आदेश बिल्कुल भी व्यावहारिक नहीं है और कर्मचारियों के हितों के खिलाफ है।
शुक्रवार को श्रीगंगानगर में संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अजय सिंगला को राज्य सरकार के नाम ज्ञापन सौंपकर डबल शिफ्ट आदेश तुरंत वापस लेने की मांग की। ज्ञापन में संघ ने स्पष्ट रूप से कहा कि शाम छह से सात बजे तक की ड्यूटी के कारण महिला कर्मचारियों को घर लौटने में सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा पैदा हो जायेगा। अंधेरा होने के बाद अकेले लौटना बेहद जोखिम भरा साबित हो सकता है।
कार्मिक संघ ने यह भी बताया कि वर्तमान में कर्मचारियों को मिलने वाला वेतनमान पहले से ही बहुत कम है। अल्प वेतन पर काम करने वाले स्टाफ को वेतन भी समय पर नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में डबल शिफ्ट लगाकर अतिरिक्त कार्यभार डालना कर्मचारियों के साथ अन्याय है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित