, May 2 -- डबलिन, 02 मई (स्पूतनिक) आयरलैंड के उत्तरी आयरलैंड काउंटी की राजधानी बेलफास्ट के एक पुलिस स्टेशन के पास हुए विस्फोट के संदिग्ध पर आतंकवादी हमले के आरोप तय किये गये हैं।
उल्लेखनीय है कि 25 अप्रैल को डनमरी पुलिस स्टेशन के पास विस्फोटकों से भरी एक कार में धमाका हुआ था। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ था, क्योंकि पुलिस ने समय रहते आसपास के घरों को खाली करा लिया था। 'न्यू आईआरए' नामक संगठन ने इस कार बम धमाके की जिम्मेदारी ली है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने हमले की निंदा करते हुए दोषियों को सजा दिलाने का भरोसा दिया है।
पुलिस की आतंकवाद जांच इकाई द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, " डनमरी पुलिस स्टेशन पर हमले कीजांच कर रहे जासूसों ने एक व्यक्ति को अदालत में आरोपित किया है। इस व्यक्ति की उम्र 66 वर्ष है और इसे मंगलवार, 28 अप्रैल को डनमरी इलाके से आतंकवाद विरोधी कानून के तहत गिरफ्तार किया गया था।"पुलिस ने बताया कि संदिग्ध पर विस्फोटक रखने, विस्फोट करने, आतंकवादी उद्देश्यों के लिए सामग्री रखने और वाहन के अपहरण का आरोप लगाया गया है। आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, संदिग्ध और उसके साथी ने बेलफास्ट में एक डिलीवरी कर्मचारी की कार का अपहरण किया था। उन्होंने कार की डिक्की में गैस सिलेंडर रखा और ड्राइवर को जबरन वाहन पुलिस स्टेशन तक ले जाने के लिए मजबूर किया। ड्राइवर वहां से भागने में सफल रहा और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने बम फटने से पहले ही इलाके को खाली करा लिया था।
उल्लेखनीय है कि 1921 में आयरलैंड के दो हिस्सों में विभाजन के बाद से ही उत्तरी आयरलैंड (अल्स्टर) में राजनीतिक संघर्ष का लंबा इतिहास रहा है। आयरिश रिपब्लिकन आर्मी और उसके विभिन्न गुटों ने अल्स्टर के आयरिश गणराज्य के साथ एकीकरण के लिए दशकों तक हिंसक संघर्ष किया। वर्ष 1998 के 'गुड फ्राइडे समझौते' (बेलफास्ट समझौता) ने क्षेत्र में राजनीतिक सामान्यीकरण का मार्ग प्रशस्त किया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित