भरतपुर , मार्च 29 -- राजस्थान में सवाई माधोपुर जिले के रणथंभौर घूमने आई आयरलैंड की महिला पर्यटक मरियन फ्रांसीस की अचानक मृत्यु होने पर उसके शव का पांच चिकित्सकों के बोर्ड से पोस्टमार्टम कराकर देर रात दिल्ली भेज दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार शाम आयरलैंड के दूतावास की अनुमति मिलने पर पोस्टमार्टम करवाया गया। रणथंभौर बाघ अभयारण्य घूमने आई आयरलैंड निवासी मरियन फ्रांसीस (40) अपने दोस्तों के साथ रणथंभौर हेरिटेज हवेली में रुकी थी। उनकी शुक्रवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई थी।

पुलिस ने आयरलैंड दूतावास की अनुमति के इंतजार में महिला का शव जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया था। शनिवार शाम को बीमा प्रतिनिधियों के आने के बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव एंबुलेंस से दिल्ली रवाना कर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित