डबलिन , सितंबर 12 -- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह आयरलैंड का एकीकरण होते देखना पसंद करेंगे और उनका मानना है कि यह "आखिरकार होने वाला है।"आयरलैंड की यात्रा के दौरान आयरिश एकीकरण के बारे में पूछे जाने पर श्री ट्रंप ने कहा कि वह "कोई समस्या पैदा नहीं करना चाहते", लेकिन वह "इसे एकीकृत होते देखना पसंद करेंगे।" उन्होंने कहा कि उनके दोनों पक्षों में मित्र हैं और अगर आयरलैंड का एकीकरण होता है तो यह "सभी के लिए एक बड़ी उपलब्धि" होगी। उन्होंने इसे "बहुत अच्छी बात" बताया।
श्री ट्रंप ने कहा कि "ब्रिटेन के पास इस बारे में कहने के लिए कुछ होगा", लेकिन सवाल किया, "यह बुरा कैसे हो सकता है?"आयरलैंड में अपनी यात्रा के विरोध में प्रदर्शन कर रहे लोगों के बारे में पूछे जाने पर श्री ट्रंप ने कहा कि उन्होंने कोई प्रदर्शन नहीं देखा है और मजाकिया अंदाज में कहा, "यह एक मित्रवत प्रदर्शन है।" उन्होंने कहा कि अमेरिका और आयरलैंड के बीच "बहुत अच्छे संबंध" हैं। उन्होंने कहा, "यह आयरलैंड के लिए बहुत लाभदायक संबंध है, हालांकि ईमानदारी से कहूं तो हमारे लिए यह उतना लाभदायक नहीं है।"गाजा को लेकर अमेरिका की भूमिका पर सवाल पूछे जाने पर, श्री ट्रंप से उन लोगों के आरोपों के बारे में पूछा गया जो कहते हैं कि अमेरिका गाजा में नरसंहार और पश्चिमी तट में इजरायल द्वारा क्षेत्रों पर अवैध कब्जे को बढ़ावा दे रहा है। श्री ट्रंप ने जवाब दिया, "हमने आग बुझाई है।" उन्होंने कहा कि अमेरिका ने सात अक्टूबर के हमले में बंधक बनाये गये सभी लोगों को इजरायल वापस पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने "एक तरह की शांति कायम करने में मदद की है।"आयरलैंड के प्रधानमंत्री मार्टिन ने बीच में हस्तक्षेप करते हुए कहा कि उन्होंने श्री ट्रंप के साथ गाजा में लगातार मानवीय सहायता पहुंचाने की जरूरत पर चर्चा की है। इस पर श्री ट्रंप ने कहा, "हम यह निश्चित रूप से करवा देंगे।"ईरान युद्ध के समापन के सवाल पर उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि बहुत जल्द... संभवतः मध्यावधि चुनाव के तुरंत बाद। ऐसा होते ही तेल की कीमतें तेजी से नीचे आ जाएंगी।"श्री ट्रंप ने आयरलैंड के प्रधानमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि दोनों "शुरुआत से" मित्र रहे हैं और उनके बीच बहुत अच्छे संबंध हैं। दोनों नेताओं ने आयरिश ओपन के बारे में बात करते हुए मजाक भी किया। श्री ट्रंप आज और कल अपने एक गोल्फ कोर्स में आयोजित इस टूर्नामेंट में शामिल होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित