नयी दिल्ली , जून 21 -- रामपुर स्थित जौहर विश्वविद्यालय और लखनऊ में पंजीकृत मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं, कर चोरी और सरकारी धन के कथित दुरुपयोग के मामले में विश्वविद्यालय को नोटिस जारी किये गये हैं।

आयकर विभाग के सूत्रों के अनुसार, ये नोटिस 17 जून को जारी किए गए थे। नोटिस में ट्रस्ट के वित्तीय लेन-देन में कथित गड़बड़ियों, कर चोरी और सरकारी धन के कथित दुरुपयोग का उल्लेख किया गया है। इस ट्रस्ट और विश्वविद्यालय का मुख्य रूप से संचालन समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खान द्वारा किया जाता है।

सूत्रों के अनुसार, कुछ वर्ष पहले की गई जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और साक्ष्य बरामद हुये थे। उन दस्तावेजों और जब्त की गयी सामग्रियों के आधार पर ही इस जांच का दायरा बढ़ाया गया है।

इससे पहले, आयकर विभाग ने पूर्व मंत्री और वरिष्ठ सपा नेता आजम खान तथा उनके करीबियों के परिसरों पर तलाशी अभियान (छापेमारी) चलाया था। उन छापों के बाद, लगभग 450 करोड़ रुपये की कथित वित्तीय अनियमितताएं सामने आई थीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित