भरतपुर , जुलाई 02 -- राजस्थान में करौली में मंडरायल घाटी क्षेत्र में गुरुवार को आम सड़क पर दो बाघों को देखकर हड़कंप मच गया।

वन विभाग के सूत्रों के अनुसार ये दोनों बाघ टी-2303 के शावक बताये जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक मंडरायल घाटी के ऊपरी हिस्से में ये दोनों बाघ सड़क के किनारे घूमते हुए देखे गये। राहगीरों और स्थानीय निवासियों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी। बाघों के सड़क के पास विचरण करने के कारण मार्ग से गुजरने वाले लोग सतर्क हो गये।

वन विभाग का दल उनके गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रख रहा है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके। आवश्यकता पड़ने पर गश्त बढ़ाने और अतिरिक्त सुरक्षा उपाय के संकेत भी दिये गये है।

वन विभाग ने ग्रामीणों और वाहन चालकों से बाघ दिखाई देने पर उनके करीब नहीं जाने और उन्हें परेशान नहीं करने का अनुरोध किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित