पटना , फरवरी 01 -- बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने आम बजट 2026-27 पर खुशी जाहिर करते हुए रविवार को कहा कि यह जन-कल्याणकारी और विकसित भारत के संकल्प को गति देने वाला दूरदर्शी बजट है।
डॉ.प्रेम कुमार ने आज बयान जारी कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत आम बजट 2026-27 सर्वसमावेशी और सर्वस्पर्शी बजट है, जो कृषि, औद्योगिक और इन्फ्रास्ट्रक्चर क्षेत्रों सहित पूरे देश के समग्र विकास को समर्पित है। उन्होंने कहा कि यह बजट विशेष रूप से देश की युवा शक्ति को सशक्त बनाने वाला बजट है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के कुशल नेतृत्व में देश आज विकसित भारत की यात्रा का साक्षी बन रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि देशवासियों की आकांक्षाओं को वास्तविक उपलब्धियों में बदलते हुए विकास का लाभ किसानों, आदिवासियों, महिलाओं और युवाओं तक समान रूप से पहुंच सके। इसी विकास और समृद्धि की दिशा में देश में नई रणनीतिक परियोजनाओं पर ध्यान दिया जा रहा है। रेयर अर्थ कॉरिडोर के तहत केरल, तमिलनाडु, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में विशेष कॉरिडोर बनाए जाएंगे, जिससे खनिज संपन्न राज्यों को लाभ मिल सके।
बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि पश्चिम बंगाल के डानकुनी में नए फ्रेट कॉरिडोर की घोषणा की गई है और पूर्वोत्तर के पांच राज्यों में बौद्ध सर्किट का निर्माण होगा। इसके साथ ही इंडस्ट्रियल क्लस्टर, महात्मा गांधी ग्राम स्वराज पहल, नेशनल फाइबर स्कीम, एमएसएमई के लिए सेल्फ रिलायंट इंडिया फंड और इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट जैसी योजनाएं न केवल अर्थव्यवस्था की गति बढ़ाएंगी, बल्कि रोजगार के अवसर भी सृजित करेंगी। उन्होंने कहा कि पटना और वाराणसी में शिप रिपेयर सेंटर बनाए जाएंगे, जो खास तौर पर आंतरिक जलमार्गों के लिए होंगे। इन सेंटरों से नदी मार्ग से होने वाले परिवहन को मजबूती मिलेगी और दोनों शहरों को वाटरवेज हब के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे बिहार की अर्थव्यवस्था को न केवल मजबूती मिलेगी बल्कि यहाँ रोजगार के अवसर पर सृजित होंगे। बायो फार्मा के लिए 10,000 करोड़ रुपये की "बायोफार्मा शक्ति" योजना शुरू की जाएगी, जिसके तहत तीन नए संस्थान स्थापित होंगे और देश को मेडिकल टूरिज्म का हब बनाया जाएगा।
डॉ.प्रेम कुमार ने कहा कि इस बजट में भारत के युवा के लिए सेवा क्षेत्र पर फोकस रखा गया है। उच्चाधिकार प्राप्त समिति शिक्षा, रोजगार और उद्यम को जोड़कर विकास और निर्यात की संभावनाओं को बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में 2047 तक 10 फीसदी की वैश्विक हिस्सेदारी के साथ सेवा क्षेत्र में भारत को अग्रणी बनाने के प्रयास पर जोर दिया गया है। श्री मोदी ने युवाओं के विकास और रोजगार के नए अवसरों के सृजन को अपनी नीतियों का केंद्र बनाया है। आज इन्हीं प्रयासों के कारण भारत केवल उपभोक्ता नहीं, बल्कि वैश्विक बाजार और वैश्विक आपूर्ति शृंखला का महत्वपूर्ण केंद्र बनता जा रहा है। यही नीतियां आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जमीन पर उतार रही हैं और भारत को एक सशक्त वैश्विक आर्थिक शक्ति के रूप में स्थापित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि वह इस बजट के लिये प्रधानमंत्री श्री मोदी, वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण तथा उनकी पूरी टीम को धन्यवाद देते हैं। उन्होंने कहा कि यह बजट आम जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने एवं विकसित तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित