पटना , अगस्त 29 -- म जन की समस्याओं के ससमय, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण के लिए संचालित सहयोग पोर्टल एवं सहयोग शिविर पटना जिला में जन समस्याओं के निवारण की प्रभावी व्यवस्था के रूप में अपनी उपयोगिता साबित कर रहा है। इस व्यवस्था के माध्यम से न केवल नागरिकों की समस्याओं को आसानी से दर्ज किया जा रहा है, बल्कि संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों के माध्यम से उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन भी सुनिश्चित किया जा रहा है।
पटना जिला में अब तक विभिन्न विभागों से संबंधित 33,665 आवेदन सहयोग पोर्टल पर प्राप्त हुए हैं। इनमें से 32,272 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है। वर्तमान में 7 से 10 दिनों के बीच लंबित मामलों की संख्या मात्र 232 है, जबकि 10 दिनों से अधिक समय से लंबित मामले केवल 41 हैं। विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि जिले में 20 दिनों से अधिक अवधि से एक भी मामला लंबित नहीं है।
यह स्थिति आम जन की शिकायतों के प्रति जिला प्रशासन की संवेदनशीलता, जवाबदेही और समयबद्ध कार्रवाई को प्रदर्शित करती है। पोर्टल पर प्राप्त मामलों की नियमित निगरानी एवं समीक्षा की जा रही है तथा संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित