चंडीगढ़ , मार्च 16 -- आम आदमी पार्टी (आप) चंडीगढ़ ने गैस सिलेंडरों की 'कृत्रिम कमी' के खिलाफ सोमवार को सेक्टर-17 प्लाजा में केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे आप नेताओं ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि "डबल इंजन" का दम भरने वाली भाजपा सरकार अब आम आदमी के लिए "ट्रबल इंजन" बन गई है। उन्होंने कहा कि एलपीजी की आसमान छूती कीमतों और शहर में जानबूझकर पैदा की गई है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जो भाजपा नेता विपक्ष में रहते हुए 400 रुपये का सिलेंडर होने पर सड़कों पर बैठकर छाती पीटते थे, वे आज सिलेंडर की कीमत 1000 रुपये पार होने पर "गूंगे और बहरे" बन गए हैं। मोदी सरकार ने आम आदमी की थाली और महिलाओं के घर के बजट पर सीधी 'सर्जिकल स्ट्राइक' की है। एक तरफ कमरतोड़ महंगाई ने जनता को कुचल दिया है, तो दूसरी तरफ पूंजीपति मित्रों की जेबें भरने के लिए गैस आपूर्ति रोककर जानबूझकर 'कृत्रिम किल्लत' पैदा की जा रही है।
आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार को खुली चेतावनी दी कि यह विरोध प्रदर्शन तो महज एक 'ट्रेलर' है। यदि एलपीजी की कीमतों पर तुरंत लगाम नहीं लगाई गई और शहर में आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया, तो आम आदमी पार्टी इस आंदोलन को सड़कों पर और तेज करेगी, जिससे भाजपा नेताओं का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित