चंडीगढ़ , फरवरी 23 -- चंडीगढ़ कांग्रेस को उस समय बड़ी राजनीतिक मजबूती मिली, जब आम आदमी पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी कांग्रेस भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस का दामन थाम लिया।

यह कार्यक्रम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की, कांग्रेस सचिव चेतन चौहान और हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं पंचकूला से विधायक चंद्रमोहन की मौजूदगी में संपन्न हुआ।

कांग्रेस में शामिल होने वालों में आम आदमी पार्टी की पार्षद प्रेमलता, पूर्व मेयर रहे प्रदीप छाबड़ा की धर्मपत्नी रितु छाबड़ा, कुलदीप कुकी (धनास वार्ड), यशपाल कालिया (बापूधाम वार्ड) और हरजिंदर सिंह बावा प्रमुख हैं। इन नेताओं ने पार्टी में उपेक्षा और आंतरिक मतभेदों को शामिल होने का कारण बताया। उन्होंने कहा कि संगठन में सम्मान न मिलने और स्थानीय नेतृत्व की अनदेखी से वे आहत थे।

कांग्रेस में शामिल होने वाले नेताओं और समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ कांग्रेस भवन पहुंचकर जोरदार नारेबाजी की। कार्यक्रम में भारी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

श्री लक्की ने इसे साथियों की घर वापसी बताया और कहा कि इससे संगठन को मजबूती मिलेगी और आगामी नगर निगम चुनाव में कांग्रेस सभी 35 वार्डोंमें जीत का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ेगी। श्री चौहान ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की विचारधारा से जुड़ने वालों का पार्टी स्वागत करती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित