चंडीगढ़ , अक्टूबर 04 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए शनिवार को हुई हत्याओं का मुद्दा उठाया और मुख्यमंत्री भगवंत मान से जवाबदेही तय करने की मांग की।
श्री ढिल्लों ने रविवार को कहा कि अमृतसर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू की गोली मारकर हत्या, लुधियाना में पूर्व सरपंच समेत दो लोगों की हत्या और खडूर साहिब में एक युवक की हत्या की घटनाएं राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार, शनिवार को पंजाब में कई हत्या की घटनाएं सामने आईं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों में कानून का भय नहीं रह गया है और मुख्यमंत्री को इन घटनाओं की जिम्मेदारी लेनी चाहिए।सरकार एक ओर पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने का दावा करती है, जबकि आम लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
भाजपा नेता ने कहा कि पंजाब शांति और भाईचारे के लिए जाना जाता रहा है, लेकिन मौजूदा सरकार के कार्यकाल में अपराध और नशे की समस्या गंभीर होती जा रही है।
इस बीच पुलिस सूत्रों ने बताया कि मैड संधू की हत्या के मामले में जांच जारी है और हमलावरों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज समेत विभिन्न सुरागों की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित