नयी दिल्ली , अक्टूबर 03 -- आम आदमी पार्टी की पूर्व मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं उच्चतम न्यायालय की वरिष्ठ अधिवक्ता प्रियंका कक्कड़, उत्तर प्रदेश के पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री श्याम सुंदर शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार रजत राकेश टंडन तथा उत्तर प्रदेश के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हाजी रिहान खान समेत कई सभासदों तथा अन्य नेता शनिवार को कांग्रेस में शामिल हो गये।

कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, जम्मू-कश्मीर तथा लद्दाख के प्रभारी नासिर हुसैन, कार्य समिति के सदस्य राजीव शुक्ला, संचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने शनिवार को यहां पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में इन नेताओं को पट्टा पहनाकर कांग्रेस की सदस्यता दिलायी और उनका स्वागत किया।

श्री गौतम ने सभी नेताओं का कांग्रेस में स्वागत करते हुए भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि भाजपा तानाशाह पार्टी है तथा उसका लोकतंत्र और संविधान में कोई भरोसा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जनता के मुद्दों पर बात करने की बजाय सिर्फ नफरत की राजनीति करती है। यह सरकार धरना देने पर रोक लगा देती है जबकि इसका अधिकार संविधान देता है। उन्होंने सवाल किया कि क्या देश में अघोषित आपातकाल है। भाजपा शासन में दमन चल रहा है और उत्तर प्रदेश में जाति के आधार पर दमन किया जा रहा है, जिसके कारण बड़ी संख्या में दूसरे दलों के लोग कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा कि ऐसे हालात में देश को उम्मीद के रूप में केवल राहुल गांधी दिखाई दे रहे हैं, जो लोकतंत्र और संविधान को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि नेता विपक्ष राहुल गांधी देश की उम्मीद हैं और उनकी विचारधारा से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में लोग पार्टी में शामिल हो रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लद्दाख से कन्याकुमारी तक लोग कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में भरोसा जताते हुए पार्टी में शामिल हो रहे हैंप्रदेश कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व में बदलाव संबंधी सवाल पर श्री गौतम ने कहा कि पद पर कार्यकाल पूरा होने के बाद पार्टी ने यह प्रक्रिया पूरी की है। उनका कहना था कि प्रदेश अध्यक्ष बदलना सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है और जल्द ही प्रदेश में संगठन को मजबूत करने के लिए और बदलाव किये जाएंगे तथा इसमें सभी वर्गों को समान अवसर दिया जाएगा।

श्री शुक्ला ने कहा कि आज बहुत खुशी का दिन है। उत्तर प्रदेश के प्रभावशाली नेता श्री शर्मा आठ बार विधायक और पूर्व मंत्री रह चुके हैं। सुश्री प्रियंका कक्कड़ और श्री रजत राकेश टंडन भी कांग्रेस से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी के साथ आने से उत्तर प्रदेश और देश की राजनीति पर प्रभाव पड़ेगा।

सुश्री कक्कड़ ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के बाद कहा कि वह दिल्ली को फिर से हरित, स्वच्छ, प्रगतिशील और सुरक्षित देखना चाहती हैं, जैसी वह उनके बचपन के दिनों में थी। उन्होंने कहा कि भारतीय राजनीति में एक दशक से अधिक समय के अनुभव के बाद उनका विश्वास है कि कांग्रेस ही ऐसा कर सकती है। आम आदमी पार्टी छोड़ने का कारण बताते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी ने जनता से कहा था कि वह बंगला और गाड़ी नहीं लेगी, लेकिन बाद में निजी यात्रा के लिए चॉपर का इस्तेमाल होने लगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी 'वोट चोरी' के खिलाफ लड़ रहे हैं और उन्होंने जनता को बताया है कि उसका वोट चुराया जा रहा है।

श्री गौतम ने एक सवाल के जवाब में कहा कि अपनी जनता पार्टी के नेता तथा उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की है। उन्होंने कहा कि श्री मौर्य की मुलाकात हुई है और फिलहाल वह अपनी पार्टी का कांग्रेस में विलय नहीं कर रहे हैं, लेकिन चुनाव कांग्रेस के साथ मिलकर लड़ेंगे।

श्री टंडन ने कहा कि उनके परिवार का कांग्रेस से पुराना जुड़ाव रहा है और उनकी सोच तथा समझ कांग्रेस पार्टी के साथ रही है। उन्होंने कहा कि पत्रकार के तौर पर लंबे समय तक कांग्रेस को कवर करने के दौरान उन्होंने देखा कि यह ऐसी पार्टी है, जिसमें लोगों की बात सुनी जाती है। उन्होंने कहा कि देश का युवा परेशान है और सड़कों पर है, लेकिन उसकी सुनने वाला कोई नहीं है। यदि किसी ने युवाओं के लिए आवाज उठायी है तो वह राहुल गांधी हैं। उन्होंने कहा कि कई लोग दबे और कई लोग चुप हुए, लेकिन राहुल गांधी मजबूती से खड़े रहे। यही कारण है कि वह कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। श्री टंडन स्वतंत्रता सेनानी पुरुषोत्तम दास टंडन के परिवार से हैं और दो दशक से अधिक समय से पत्रकारिता से जुड़े रहे हैं।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के बहराइच से हाजी रिहान खान, सभा सज्जन अहमद, विशाल कुमार, सुनील कुमार समेत विभिन्न दलों से जुड़े कई नेताओं और उनके समर्थकों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित