नयी दिल्ली , अक्टूबर 08 -- आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं प्रदेश महिला इकाई की पूर्व अध्यक्ष नीलम यादव, बहुजन समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता परमानंद गर्ग और केंद्र सरकार में अधिकारी रहे दुर्गा प्रसाद समेत कई प्रमुख लोगों ने बुधवार को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल की मौजूदगी में इन नेताओं ने यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन के दौरान पार्टी का दामन थामा। श्री पाल ने सभी का कांग्रेस में स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा के कुशासन से तंग आकर तथा श्री राहुल गांधी और कांग्रेस की नीतियों से प्रभावित होकर आये दिन प्रमुख नेता कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस ही ऐसी पार्टी है जो श्री गांधी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन को साथ लेकर देश के संविधान और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि देश से प्यार करने वाले और संविधान एवं लोकतंत्र के साथ चलने वाले लोग इस लड़ाई में शामिल होने के लिए कांग्रेस से जुड़ रहे हैं।
श्रीमती यादव ने कहा कि आज देश को श्री गांधी और कांग्रेस की जरूरत है तथा लोकतंत्र एवं संविधान को बचाने के लिए वह कांग्रेस में शामिल हो रही हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने आम आदमी पार्टी को 12 वर्ष दिए और जमीनी स्तर पर काम किया लेकिन पार्टी का शीर्ष नेतृत्व उत्तर प्रदेश के मुद्दों तथा कार्यकर्ताओं से जुड़ने की कोशिश नहीं करता जिसके कारण कार्यकर्ता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।
बसपा के गाजियाबाद प्रमुख रहे श्री गर्ग ने कहा कि वह पहले कांग्रेस में थे और उनके परिवार ने अपनी राजनीतिक यात्रा कांग्रेस से शुरू की थी। बाद में वह समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी में रहे लेकिन उनका मन लगातार कांग्रेस में रहा। उन्होंने कहा कि गांधी को प्रधानमंत्री बनाना उनका सपना है और सभी को उनके संघर्ष में साथ देना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित