नयी दिल्ली , जुलाई 17 -- लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के आमरण अनशन को विपक्षी दलों के समर्थन के बीच शुक्रवार को कांग्रेस की तरफ से संचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा भी उनसे मिलने पहुंचे।

श्री खेड़ा ने आज सुबह धरना स्थल पर पहुंचकर श्री वांगचुक के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और उनसे विचार विमर्श कर उन्हें समर्थन किया।

कांग्रेस सूत्रों के अनुसार श्री खेड़ा ने वांगचुक का हालचाल जाना और कहा कि लद्दाख के लोगों की लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मांगों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से इस मुद्दे पर सकारात्मक पहल करते हुए संवाद के माध्यम से समस्या का समाधान निकालने का आग्रह किया।

सोनम वांगचुक 15 जुलाई से अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर हैं। उनकी प्रमुख मांगों में लद्दाख को संविधान की छठी अनुसूची के तहत संरक्षण, स्थानीय लोगों के भूमि और रोजगार अधिकारों की सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण तथा क्षेत्र के लिए प्रभावी लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना शामिल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित