नयी दिल्ली , मई 04 -- केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पश्चिम बंगाल में भाजपा को मिली जीत को विश्वास का उदय बताते हुए कहा है कि अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार आमार सोनार बांग्ला के ध्येय से विकसित पश्चिम बंगाल बनाने के लिए काम करेगी। श्री नड्डा ने सोमवार को बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया एक्स पर लिखा,"विश्वास का उदय - बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक महाविजय।" उन्होंने कहा कि आज का दिन भारतीय जनता पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए भावुक पल है। पश्चिम बंगाल में भाजपा की अभूतपूर्व महाविजय श्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और जनकल्याणकारी नीतियों पर जनता की मुहर और तृणमूल कांग्रेस के कुशासन, भ्रष्टाचार, टोलाबाजी, घुसपैठ, तुष्टिकरण, अराजकता व गुंडागर्दी की करारी हार है।उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि बंगाल जब परिवर्तन ठान लेता है तो कोई भी ताकत उसे नहीं रोक पाती। गुरुदेव रवीन्द्र नाथ टैगोर, बंकिम चन्द्र चटर्जी, नेताजी सुभाषचन्द्र बोस और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी जैसे महान देशभक्तों की पावन धरा ने तृणमूल के अहंकार को चूर-चूर कर पहली बार भाजपा पर भरोसा जताया है।

उन्होंने कहा कि इस प्रचंड विजय पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन , पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ,नेता प्रतिपक्ष सुधेंदु अधिकारी और बूथ-स्तरीय कर्मठ कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई एवं प्रदेश के सभी मतदाताओं का हृदय से आभार।

उन्होंने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार 'आमार शोनार बांग्ला' के ध्येय से 'विकसित पश्चिम बंगाल' बनाने को कृत-संकल्पित है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित