बैतूल , जुलाई 05 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के आमला कस्बे में एक कपड़ा कारोबारी की 37 वर्षीय पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं, जबकि ससुराल पक्ष ने आरोपों से इनकार किया है। पुलिस ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतका रंजिता यादव का शव शनिवार को उनके घर के बाथरूम में फंदे से लटका मिला। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। रंजिता की शादी करीब 10 वर्ष पहले आमला निवासी कपड़ा कारोबारी प्रशांत यादव से हुई थी। परिवार में उनकी 10 वर्षीय एक पुत्री और दो माह की नवजात पुत्री है।

मृतका की बड़ी बहन विजेता यादव ने आरोप लगाया कि वर्ष 2022 में परिवार के छोटे बेटे की शादी के बाद रंजिता के साथ मानसिक प्रताड़ना की जाने लगी। उनका कहना है कि घर का अधिकांश काम रंजिता से कराया जाता था और दूसरी संतान के जन्म के बाद भी उन्हें पर्याप्त आराम नहीं दिया गया। उन्होंने घटना को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

वहीं, मृतका के ससुर सुरेंद्र यादव ने आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि रंजिता पिछले लगभग 10 वर्षों से अवसाद का उपचार करा रही थीं और परिवार ने कभी उनके साथ दुर्व्यवहार नहीं किया। उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन बाथरूम का दरवाजा अंदर से बंद मिला, जिसे तोड़कर उन्हें बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

आमला थाना प्रभारी मुकेश ठाकुर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रतीत होता है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। जांच अधिकारी कमलेश धुर्वे ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच में यदि प्रताड़ना अथवा आत्महत्या के लिए उकसाने से संबंधित साक्ष्य मिलते हैं तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित