बैतूल , अप्रैल 10 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में आमला-जौलखेड़ा रेलखंड पर ट्रैक पार करते समय एक 44 वर्षीय मजदूर की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार रेलवे सुरक्षा बल के थाना प्रभारी हरिओम निराजन को गुरुवार देर रात करीब एक बजे जौलखेड़ा स्टेशन प्रबंधक से सूचना मिली कि आमला-जौलखेड़ा के बीच ट्रैक पर एक शव पड़ा है। सूचना मिलते ही आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल आमला की मर्चुरी में रखवाया।
बाद में मृतक की पहचान रिंकू राठौर (44) निवासी ग्राम बघोली के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार राठौर मजदूरी कर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। प्रथम दृष्टया मामला रेल दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित