बैतूल , नवंबर 1 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में आमला विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता चैतराम मानेकर का रविवार सुबह भोपाल एम्स में निधन हो गया। वे पिछले दो महीने से ब्रेन ट्यूमर से पीड़ित थे और उनका उपचार चल रहा था। उन्होंने सुबह करीब 7:30 बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन से बैतूल जिले के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है।

स्वर्गीय मानेकर ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत ग्राम पंचायत से की थी। वे वर्ष 1970 से 1975 तक ग्राम पंचायत उमरिया के पंच और 1975 से 1980 तक उपसरपंच रहे। इसके बाद वर्ष 1994 से 1999 तक बैतूल जिला पंचायत के सदस्य रहे। उन्होंने वर्ष 2008 और 2013 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर आमला (अनुसूचित जाति) सीट से लगातार दो बार जीत दर्ज की। वर्ष 2008 में उन्होंने 30,546 मतों और वर्ष 2013 में 39,602 मतों के अंतर से विजय हासिल की। वे 2008 से 2018 तक विधायक रहे। वर्ष 2018 के चुनाव में भाजपा ने योगेश पंडाग्रे को प्रत्याशी बनाया था।

परिजनों के अनुसार, मानेकर का पार्थिव शरीर बैतूल लाया गया है। उनकी अंतिम यात्रा सोमवार, 2 नवंबर को सुबह 10 बजे हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित उनके निवास से निकाली जाएगी। अंतिम संस्कार गंज मुक्तिधाम में किया जाएगा। उनके परिवार में तीन पुत्र और पांच पुत्रियां हैं। मुख्यमंत्री, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित