पटना , अप्रैल 17 -- पटना नगर निगम ने 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान के अंतर्गत शहर के 85 चिन्हित कचरा प्वॉइंट्स की व्यापक साफ-सफाई कर उनका कायाकल्प किया है।
इस अभियान की विशेषता यह रही कि नगर निगम के सफाई कर्मियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान के दौरान स्थानीय नागरिकों को साफ-सफाई बनाए रखने, कचरा केवल नगर निगम की गाड़ियों में डालने तथा आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने की शपथ भी दिलाई गई।
पटना नगर निगम की ओर से डोर-टू-डोर सेवा के अंतर्गत आवासीय परिसरों से तथा रोड-टू-रोड सेवा के अंतर्गत गैर-आवासीय परिसरों से प्रतिदिन कचरा उठाव किया जाता है। इसके बावजूद कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा खुले प्लॉट, सड़क किनारे तथा खुले नालों में कचरा फेंक दिया जाता है, जिससे गंदगी फैलती है और नालों के जाम होने से जल निकासी बाधित होती है। इससे बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है।
नगर निगम की ओर से पूर्व में विशेष अभियान चलाकर लगभग 650 कचरा प्वॉइंट्स को हटाया जा चुका है तथा उन स्थलों पर नियमित साफ-सफाई भी कराई जा रही है। इसके बावजूद कई स्थानों पर खुले में कचरा फेंकने और आवारा पशुओं को सड़क किनारे भोजन देने के कारण दोबारा कचरा प्वॉइंट्स बन जा रहे हैं। इसी समस्या के समाधान के लिए पटना नगर निगम द्वारा 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान के तहत जन आंदोलन को प्रोत्साहित करते हुए स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों की पहचान की गई।
पटना नगर निगम आमजन से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र में साफ-सफाई बनाए रखने में सहयोग करें, कचरा केवल नगर निगम की गाड़ियों में ही डालें तथा खुले में कचरा फेंकने से बचें। यदि किसी क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई नहीं हो रही हो अथवा कचरा गाड़ी नहीं पहुंच रही हो, तो नागरिक टोल फ्री नंबर 155304 अथवा 9264447449 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित