जैसलमेर , मई 12 -- राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री और जैसलमेर जिला प्रभारी मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने कहा है कि राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान एवं अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

श्री खींवसर जिले के सुविख्यात लोक आस्था की धरा रामदेवरा में सोमवार देर रात आयोजित रात्रि चौपाल एवं जनसुनवाई कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए प्रभावी अभियान चला रही है। ग्राम रथ अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जा रही है ताकि पात्र व्यक्ति सरकार की प्रत्येक योजना का लाभ उठा सके।

उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ त्वरित समाधान किया जायेगा। उन्होंने विशेष रुप से मरुस्थलीय क्षेत्र में भीषण गर्मी के मद्देनजर पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दूर-दराज की ढाणियों तक नियमित पानी और बिजली पहुंचना सुनिश्चित होना चाहिए। आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करे।

उन्होंने जिला प्रशासन को अवैध पेयजल कनेक्शनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि जलापूर्ति व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। श्री खींवसर ने कहा कि राज्य सरकार पश्चिमी राजस्थान में चिकित्सा सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि जैसलमेर जिले में चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं फार्मासिस्ट के रिक्त पदों को भरा जा रहा है एवं चिकित्सा संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि 100 नए सब सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं ताकि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें। सरकार आधुनिक तकनीक आधारित स्वास्थ्य सेवाओं को गांवों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सरकार संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों, युवाओं, पशुपालकों एवं जरूरतमंद वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित