श्रीगंगानगर , अगस्त 03 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ में प्रदेश कांग्रेस समिति के अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) विभाग के प्रदेश सचिव दीपक सोनी ने आरोप लगाया है कि वर्तमान सरकार का आम जनता के प्रति रवैया तानाशाहीपूर्ण हो गया है।
श्री सोनी ने सोमवार को अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) कार्यालय के सामने आयोजित कांग्रेस की महासभा में सम्बोधित करते हुए कहा कि वन विभाग पोंग बांध स्थापितों से जुड़े धारा धारा 6-ए की आड़ में जोहड़ पायतान क्षेत्र की जमीन और वर्षों से अपने घरों में रह रहे ग्रामीणों को उजाड़ने की जो कार्रवाई कर रहा है, उसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने सरकार से मांग की कि लंबे समय से बसे परिवारों के हितों की रक्षा की जाए। किसी भी प्रकार की कार्रवाई से पहले मानवीय, न्यायसंगत और स्थायी समाधान निकाला जाए, न कि प्रशासनिक कार्रवाई के जरिए लोगों को बेघर किया जाए।
महासभा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और उन्होंने अपने आवास, भूमि और अन्य स्थानीय समस्याओं को लेकर एकजुटता का प्रदर्शन करके सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित