उदयपुर , अप्रैल 06 -- राजस्थान में उदयपुर जिले के कुराबड थाना क्षेत्र में पिछले दिनों एक आभूषण की दुकान में हुई चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 27 किलोग्राम चांदी के आभूषण, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं दुकान में लगें सीसीटीवी कैमरों की हार्ड डिस्क बरामद की है।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने सोमवार को बताया कि कुराबड निवासी अशोक सोनी ने गत 15 मार्च को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी दुकान मोहित ज्वेलर्स में अज्ञात बदमाशों द्वारा ताले तोडकर करीब 20 तोला सोने के एवं करीब 100 किलो चांदी के निर्मित आभूषण चोरी कर लिये गये।
पुलिस ने इस मामले में जांच के बाद 28 मार्च को तीन आरोपियों को गिरफ्तार करके उनसे 30 किलो चांदी के आभूषण बरामद किए जबकि शेष माल एवं आरोपियों की तलाश जारी थी। इसी कडी में पुलिस ने आज 27 किलोग्राम चांदी के आभूषण और बरामद किये और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं दुकान में लगें सीसीटीवी कैमरों की हार्ड डिस्क बरामद कर ली।
उन्होंने बताया कि दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरों की हार्ड डिस्क को चोर अपने साथ लेकर गये और गांव के बाहर कुंए में फेंक दी। जिसको पुलिस द्वारा कस्बा कुराबड़ के पास कुंए से अथक प्रयास करके ग्रामीणों के सहयोग से बरामद कर ली गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित