लखनऊ , जुलाई 3 -- उत्तर प्रदेश के आबकारी विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए राजस्व लक्ष्य 71,278 करोड़ रुपये निर्धारित किया है।
आबकारी विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल ने शुक्रवार को बताया कि उनके विभाग ने जून 2026 तक 15,809.25 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित कर लिया है, जो पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि की तुलना में 1,580.34 करोड़ रुपये (11.11 प्रतिशत) अधिक है।
उन्होंने बताया कि जून 2026 में अकेले 5,173.56 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जबकि जून 2025 में यह आंकड़ा 4,458.23 करोड़ रुपये था। इस प्रकार विभाग ने जून माह में वर्ष-दर-वर्ष 16.05 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है।
श्री अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पारदर्शी आबकारी नीतियों, तकनीकी निगरानी और सख्त प्रवर्तन के चलते राजस्व संग्रह में लगातार वृद्धि हो रही है। साथ ही अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जून 2026 तक प्रदेशभर में 2,65,870 छापेमारी की गई। इस दौरान 29,267 अभियोग दर्ज किए गए और 9 लाख लीटर अवैध शराब बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान 4,641 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से 804 को जेल भेजा गया। तस्करी में प्रयुक्त 31 वाहनों को भी जब्त किया गया।
मंत्री ने बताया कि केवल जून माह में ही 87,646 छापे डाले गए। इस दौरान 9,764 अभियोग दर्ज हुए और 2.56 लाख लीटर अवैध शराब बरामद की गई। अभियान के दौरान 1,513 लोगों को गिरफ्तार किया गया, 283 को जेल भेजा गया तथा तस्करी में इस्तेमाल सात वाहन जब्त किए गए।
आबकारी मंत्री ने कहा कि विभागीय अधिकारी निर्धारित राजस्व लक्ष्य हासिल करने के लिए पूरी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। साथ ही अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रवर्तन अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित