सूरजपुर , अप्रैल 11 -- छत्तीसगढ़ के सूरजपुर आबकारी उड़नदस्ता टीम ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 295 नग नशीले कैप्सूल और टैबलेट बरामद किए। इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरा आरोपी हिरासत से फरार हो गया।
आबकारी कार्यालय ने शनिवार को नशीली दवाओं के आरोपियों के बारे में बताया-आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि विश्रामपुर के आईटीआई कॉलोनी स्थित मकान में रहने वाला भोले घसिया अपने घर से नशीले इंजेक्शन, टैबलेट और कैप्सूल का अवैध कारोबार कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद 11 अप्रैल को आबकारी उड़नदस्ता टीम ने उक्त मकान पर दबिश दी, जहां आरोपी भोले घसिया मौजूद मिला।
तलाशी के दौरान उसके शयन कक्ष से 132 नग स्पास्मो प्रॉक्सीवॉन प्लस कैप्सूल, 73 नग अल्प्रासेन टैबलेट तथा 90 नग अल्प्रैक्स (अल्प्राजोलम) टैबलेट बरामद किए गए। कुल 295 नग नशीली दवाओं की जब्ती के बाद आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) के तहत मामला दर्ज कर उसे रिमांड के लिए आबकारी नियंत्रण कक्ष सूरजपुर लाया गया।
इसी दौरान टीम को एक अन्य सूचना मिली कि पूर्व में नशीले पदार्थों के मामले में फरार आरोपी मोहम्मद शहजाद उर्फ रिंकू अपने घर पर मौजूद है। इस पर आबकारी टीम ने भोले घसिया को नियंत्रण कक्ष में आरक्षकों के सुपुर्द कर कब्रिस्तान मोहल्ला स्थित शहजाद के घर पर छापामार कार्रवाई की, जहां वह मौजूद मिला। उसे पूर्व दर्ज अपराध क्रमांक 182/26 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।
हालांकि इसी बीच नियंत्रण कक्ष से सूचना मिली कि आरोपी भोले घसिया पानी पीने के बहाने आरक्षकों को चकमा देकर फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए आसपास क्षेत्र में खोजबीन की गई, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। फरार आरोपी के विरुद्ध थाना सूरजपुर में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद शहजाद उर्फ रिंकू को 11 अप्रैल को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में आबकारी उपनिरीक्षक टीआर केहरी, मुख्य आरक्षक कुमारू राम, रमेश दुबे, अशोक सोनी, नगर सैनिक गणेश पाण्डेय, रणविजय सिंह तथा महिला सैनिक राजकुमारी सिंह और चंद्रावती की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित