भोपाल , सितंबर 22 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के तरावली गांव में मंगलवार सुबह पुलिस और आबकारी विभाग ने संयुक्त कार्रवाई कर करीब 275 लीटर अवैध हाथ भट्टी मदिरा और 15 हजार किलोग्राम लाहन बरामद किया। कार्रवाई से पहले ड्रोन से रैकी की गई, जिसके बाद पुलिस और आबकारी विभाग के 227 अधिकारी-कर्मचारियों की टीम ने जंगल में स्थित अलग-अलग डेरों पर दबिश दी।

सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र सिंह धाकड़ के निर्देशन में कंट्रोलर वर्षा उइके और टीम ने कार्रवाई की। तड़के से ही अमला तरावली पहुंच गया था। करीब दो घंटे चली कार्रवाई के दौरान जमीन के अंदर बनाई गई 12 अवैध भट्टियां मिलीं, जिन्हें नष्ट किया गया। दो बॉयलर, जिनमें मदिरा तैयार की जाती थी, जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके अलावा 30 से अधिक खाली और भरे ड्रम भी जब्त किए गए।

संयुक्त कार्रवाई में पुलिस और आबकारी विभाग के 52 अधिकारी तथा 175 कर्मचारी शामिल रहे। कार्रवाई की भनक लगते ही डेरों में मौजूद लोग मौके से फरार हो गए। अलग-अलग डेरों में खुले और खाली पड़े घरों की तलाशी के दौरान अवैध शराब और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले संसाधन बरामद किए गए।

कार्रवाई में बैरसिया की एसडीओपी वैशाली करहेलिया, एसडीओपी दुर्जन सिंह बरकड़े, बैरसिया थाना प्रभारी रामबाबू चौधरी, गुनगा थाना प्रभारी रिंकू जाटव, निरीक्षक नरेंद्र यादव, आबकारी विभाग के बैरसिया वृत्त प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी सुरेंद्र देवांगन, उप निरीक्षक चंदर सिंह सहित भोपाल जिला आबकारी, राज्य स्तरीय उड़नदस्ता और संभागीय उड़नदस्ता के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

जानकारी के अनुसार तरावली गांव भोपाल से करीब 40 किलोमीटर दूर बैरसिया रोड पर स्थित है। तरावली मंदिर जाने वाले मार्ग के आसपास के क्षेत्र में कथित तौर पर तरावली और आसपास के गांवों में बनाई जाने वाली शराब की बिक्री होती है। स्थानीय स्तर पर करीब एक किलोमीटर के दायरे में पन्नियों में 10 से 20 रुपये में शराब बेचे जाने की बात सामने आई है। यहां आबकारी विभाग द्वारा कार्रवाई किए जाने के बावजूद कुछ समय बाद फिर शराब की बिक्री शुरू होने की जानकारी दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित