जालौन , सितंबर 7 -- उत्तर प्रदेश के जालौन में कालपी उपजिलाधिकारी विनय कुमार मौर्य के नेतृत्व में सोमवार को क्षेत्राधिकारी राजेश कमल एवं आबकारी निरीक्षक की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में संचालित कम्पोजिट, देशी शराब एवं बीयर की दुकानों का सघन एवं औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई से शराब विक्रेताओं में हड़कंप मचा रहा।

संयुक्त टीम ने जोल्हूपुर मोड़, मुन्ना फुल पावर चौराहा, बैरई तथा राम चबूतरा स्थित आबकारी दुकानों की जांच की। इस दौरान अधिकारियों ने दुकानों के अनुज्ञप्ति एवं लाइसेंस, स्टॉक रजिस्टर, बिक्री अभिलेख, निर्धारित दरों पर शराब की बिक्री तथा उपलब्ध मदिरा की मात्रा और गुणवत्ता का परीक्षण किया। इसके साथ ही आबकारी विभाग द्वारा निर्धारित अन्य नियमों एवं शर्तों के अनुपालन की भी जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अनुज्ञप्तिधारकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शराब की बिक्री निर्धारित दरों पर ही की जाए और स्टॉक तथा बिक्री से संबंधित सभी अभिलेख अद्यतन रखे जाएं। किसी भी प्रकार की अनियमितता, अवैध मदिरा की बिक्री, ओवररेटिंग अथवा लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

उपजिलाधिकारी विनय कुमार मौर्य ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में संचालित सभी आबकारी दुकानों की नियमित एवं आकस्मिक जांच लगातार जारी रखी जाए। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अधिकारियों ने शराब विक्रेताओं से नियमों का पालन करते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही कारोबार करने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित