धार , मई 23 -- मध्य प्रदेश के धार जिले में अवैध मदिरा के परिवहन और विक्रय के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा चलाया जा रहा विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में आबकारी विभाग की वृत्त धार की टीम ने एक वाहन से 23 पेटी अवैध बियर बरामद की।

आबकारी टीम ने मुखबिर की सूचना पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध बियर से भरी एक वाहन को रोका और तलाशी के दौरान उसमें से 23 पेटी बियर की मिली। टीम ने मौके से एक आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।

इस कार्रवाई को कलेक्टर राजीव रंजन मीना के आदेशानुसार, सहायक आबकारी आयुक्त राज नारायण सोनी के मार्गदर्शन में और सहायक जिला आबकारी अधिकारी दिनेश उदेनिया के नेतृत्व में अंजाम दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आबकारी टीम को गश्त के दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि इंदौर की ओर से आ रही एक महिंद्रा गाड़ी नंबर डीएल-12 सीजे-1269 भारी मात्रा में शराब लेकर बगड़ी से पहले ग्राम तलवाड़ा में 'काला सेठ ढाबे' के आगे खेतों वाले रास्ते पर खड़ी है और किसी का इंतजार कर रही है।

सूचना मिलते ही आबकारी टीम ने तत्काल तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंच कर घेराबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोक लिया। उपनिरीक्षक राजकुमार शुक्ला के अनुसार वाहन की सघन तलाशी लेने पर उसके भीतर से पावर कूल कैन बियर की 23 पेटियां बरामद हुईं। जब्त मदिरा और महिंद्रा वाहन की कुल अनुमानित कीमत लगभग 5,67,000 रुपये आंकी गई है।

आबकारी विभाग ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई नए कानूनी प्रावधानों (नवीन विधान) के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए, वीडियो रिकॉर्डिंग आदि बनाकर की गई है।

पुलिस को आरोपी ने अपना नाम संजय पुत्र कैलाश परिहार बताया। वह धार जिला के कानवन थाने के बडवई गांव का रहने वाला है। आरोपी के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत गैर-जमानती प्रकरण दर्ज कर मामले को जांच में लिया गया है।

इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में सहायक जिला आबकारी अधिकारी दिनेश उदेनिया के साथ आबकारी उप निरीक्षक राज कुमार शुक्ला, मुख्य आरक्षक कैलाश बघेल, और आरक्षक राजेंद्र पवार, आशीष माली और शकुंतला खराड़ी शामिल रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित