भोपाल , अक्टूबर 09 -- मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर नाइट क्लब, रेस्टोरेंट और रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े कथित आबकारी घोटाले की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है। उन्होंने पूरे मामले की जांच उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में विशेष जांच दल (एसआईटी) से कराने का आग्रह किया है।
श्री पटवारी ने पत्र में आरोप लगाया कि एक हजार करोड़ रुपये के कथित घोटाले के आरोपी मोहित गोगिया ने जांच एजेंसियों को दिए बयान में पूर्व आईएएस अधिकारी सी. पी. रायचुरा और तत्कालीन सहायक आबकारी आयुक्त टी. पी. रायचुरा पर वर्ष 2024-25 में ठेकेदारों को निविदाएं जारी करने और शराब दुकानों के ठेके दिलाने के लिए कथित तौर पर एक करोड़ रुपये लेने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि इन आरोपों की सत्यता जांच का विषय है, लेकिन उनकी गंभीरता को देखते हुए स्वतंत्र जांच जरूरी है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने शराब ठेकों की निविदा प्रक्रिया, बैंक एफडीआर, टेंडर और कथित वित्तीय लेन-देन की जांच कराने की मांग की। उन्होंने कथित 50-50 लाख रुपये के भुगतान से जुड़े बैंक खातों और वित्तीय अभिलेखों की पड़ताल करने, साक्ष्य सुरक्षित रखने तथा जांच प्रभावित होने की आशंका वाले अधिकारियों की भूमिका की नियमानुसार समीक्षा करने का भी आग्रह किया।
श्री पटवारी ने जांच की समय-सीमा और कार्रवाई की स्थिति सार्वजनिक करने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों पर सरकार की विश्वसनीयता निष्पक्ष जांच से साबित होगी और जनता को इस मामले में जवाब मिलना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित