जादवपुर , अप्रैल 24 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के लोगों से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को वोट देने की अपील करते हुए उनसे आशीर्वाद मांगा है और वादा किया है कि इसके बदले में राज्य के लोगों को भय, भ्रष्टाचार, अत्याचार, पलायन, बेरोजगारी तथा घुसपैठियों से आजादी दिलायी जायेगी। ।
श्री मोदी ने शुक्रवार को यहां भाजपा के विजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए कहा, " नेताजी सुभाषचंद्र बोस ने राष्ट्र का आह्वान किया था - तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा। आप हमें आशीर्वाद दीजिए, हम आपको आजादी देंगे। आजादी तृणमूल के भय से, आजादी तृणमूल के भ्रष्टाचार से, आजादी तृणमूल के सिंडिकेट से, आजादी बेटियों पर अत्याचार से, आजादी पलायन की मजबूरी से, आजादी बेरोजगारी और बेकारी से, आजादी घुसपैठियों के कब्जे से।"उन्होंने कहा कि बंगाल के सरकारी कर्मचारी से लेकर बंगाल के पुलिसकर्मी तक भयमुक्त होकर उज्ज्वल बंगाल के लिए मैदान में आए हैं। बंगाल के शिक्षक, वकील और डॉक्टर सहित हर प्रोफेशन के लोग भाजपा के समर्थन में उतरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि बंगाल में पहले चरण का मतदान हुआ है। बहुत ही जबरदस्त मतदान हुआ है। उन्होंने कहा कि आजादी मिलने के बाद देश ने कभी ऐसा नहीं देखा, जो इस बार बंगाल के लोगों ने करके दिखाया है। हर तरफ यही चर्चा है कि भाजपा को कितना बड़ा समर्थन बंगाल में मिला है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज बंगाल के छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े व्यापारी तक भयमुक्त होकर भाजपा के साथ हैं। आज बंगाल के टैक्सी वालों से लेकर रिक्शा चलाने वाले तक भयमुक्त होकर भाजपा की सरकार के लिए समर्थन दे रहे हैं। आज नाव चलाने वाले हों, या नाम कमाने वाले, हर कोई खुलेआम परिवर्तन के लिए भाजपा के भरोसे पर बंगाल का भाग्य बनाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने राज्य की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछले 15 वर्षों में तृणमूल ने बंगाल को केवल लूटने का काम किया है। ऐसा कोई काम नहीं, जहां तृणमूल का भ्रष्टाचार न हो। इसलिए बंगाल की जनता कह रही है कि भर्ती घोटाला चोलबे ना। उन्होंने कहा कि बहुत हो गया अब बंगाल में ये सब नहीं चलेगा। उन्होंने कहा, "चिटफंड घोटाला चोलबे ना। कोयला खनन घोटाला चोलबे ना। बालू खनन घोटाला चोलबे ना। गरीबों के राशन की लूट चोलबे ना। तस्करों को छूट चोलबे ना। कटमनी चोलबे ना, कमीशन चोलबे ना।"प्रधानमंत्री ने कहा, "भाजपा का विश्वास है कि बेटी सशक्त होगी, तो समाज सशक्त होगा। इसलिए हम हर योजना में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना चाहते हैं। हम चाहते हैं कि बंगाल की हर बहन आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बने, लेकिन आपने देखा कि कुछ दिन पहले देश की संसद में तृणमूल और उसके साथियों ने महिला आरक्षण का विरोध किया।" उन्होंने कहा कि देश चाहता है कि राजनीति में बेटियों की भागीदारी बढ़े, लेकिन तृणमूल नहीं चाहती। भाजपा चाहती है कि देश की नारी शक्ति सशक्त हो, लेकिन तृणमूल इसके विरोध में खड़ी हो गई है। उन्होंने कहा कि यहां जादवपुर में भी सिंडिकेट ने विकास को अपना बंधक बनाया हुआ है। यहां बालू, ईंट और सीमेंट की सप्लाई पर किसका कब्जा है, ये किसी से नहीं छिपा। बीते वर्षों में अवैध निर्माण के मामले कई गुना बढ़ गए हैं। जो लोग खुद को जादवपुर का शुभचिंतक कहते हैं, वो जमीनों पर अवैध कब्जा कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा. "अगर कोई अपनी जमीन पर घर बनाने की कोशिश करे, तो उन्हें सिंडिकेट वालों को सुरक्षा शुल्क देनी पड़ती है। ऐसे हालात को हमें बदलना ही होगा। हम यहां अराजकता नहीं, अकादमिक माहौल चाहते हैं। हम यहां धमकियां नहीं, संवाद चाहते हैं।" उन्होंने कहा कि जो सरकार अपने ही राज्य के सबसे बड़े शिक्षण संस्थान को नहीं बचा सकती, वो बंगाल का भविष्य क्या बचाएगी, बंगाल के नौजवानों के भविष्य क्या बचाएगी। जादवपुर यूनिवर्सिटी का नाम दुनिया भर में सम्मान से लिया जाता था। इस कैंपस की नींव ही राष्ट्रवाद पर रखी गई थी। उन्होंने लेकिन आज यहां की स्थिति देखिए, कैंपस के अंदर धमकियां दी जा रही हैं, दीवारों पर देशविरोधी बातें लिखी जा रही हैं और छात्र अपनी पढ़ाई के बजाय, सड़कों पर प्रदर्शन करने को मजबूर हैं।
उन्होंने कहा कि कमल छाप पर दिया आपका हर वोट दवाई, सिंचाई और सुनवाई, हर चीज की आजादी देगा। कमल छाप पर दिया आपका हर वोट उस सोच से आजादी देगा, जो बंगाल में हिंसा और रक्तपात को बढ़ावा देती है। कमल छाप पर दिया आपका हर वोट आपके सपनों को उड़ान देगा, बंगाल को फिर से भारत का नंबर वन स्टेट बनाएगा। कमल छाप पर दिया आपका हर वोट बंगाल को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों का बंगाल बनाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित