मोहाली , मार्च 17 -- वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने मंगलवार को पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बदलाव के नारे के साथ सत्ता में आयी यह सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है।
श्री सिद्धू ने कहा कि 'आप' ने पंजाब में 16 नए मेडिकल कॉलेज बनाने का वादा किया था, लेकिन अभी तक जमीन पर एक भी नया मेडिकल कॉलेज नजर नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि विधानसभा में इस मुद्दे पर उठाए गए एक सवाल के जवाब में कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने यह दावा करके जनता को गुमराह करने की कोशिश की कि 2017 से 2022 तक कांग्रेस सरकार के दौरान कोई मेडिकल कॉलेज नहीं बनाया गया। उन्होंने कहा कि यह दावा पूरी तरह से झूठा और तथ्यों के विपरीत है। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस सरकार के दौरान 2021 में मोहाली में डॉ. बी.आर. अंबेडकर स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज की स्थापना की गई थी। इस संस्थान में लगभग 100 एमबीबीएस सीटें हैं और वर्तमान में यहाँ करीब 500 छात्र पढ़ाई कर रहे हैं। इस वर्ष लगभग 100 छात्र अपनी पढ़ाई पूरी कर डॉक्टर बनकर स्नातक होंगे।
पूर्व मंत्री ने कहा कि 'आप' के मंत्रियों को तथ्यों की जांच किए बिना ऐसे गलत बयान नहीं देने चाहिए। सरकार को जनता को गुमराह करने के बजाय सच्चाई स्वीकार करनी चाहिए और स्वास्थ्य क्षेत्र में अपने वादों को पूरा करने की दिशा में गंभीरता से काम करना चाहिए। उन्होंने आगे सवाल उठाया कि क्या श्री अरोड़ा को मोहाली में बने मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की जानकारी भी है? उन्होंने कहा कि यदि सरकार अपने ही राज्य में बने संस्थानों से अनभिज्ञ है, तो यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित