रांची/कोलकाता , अप्रैल 19 -- झारखंड से हज 2026 के पवित्र अवसर पर आज़मीन-ए-हज के पहले जत्थे की रवानगी आज कोलकाता से प्रस्तावित है।

इस क्रम में झारखंड हज कमेटी के अध्यक्ष सह राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन कोलकाता हज हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने हज पर जाने वाले हाजियों से मुलाकात कर उनकी तैयारियों, सुविधाओं और व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।

हज हाउस पहुंचते ही दोनों मंत्रियों ने एक-एक हाजी से मिलकर उनका हाल-चाल जाना और उन्हें इस मुकद्दस सफर के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान डॉ. इरफान अंसारी ने हाजियों को संबोधित करते हुए कहा, "आप सभी अल्लाह के घर मक्का शरीफ की पवित्र यात्रा पर जा रहे हैं। यह बहुत बड़ा मुकाम है, जो हर किसी को नसीब नहीं होता। मेरी दुआ है कि आप सभी का हज कुबूल हो और अल्लाह की रहमत आप पर बनी रहे।"उन्होंने हाजियों से देश में अमन-चैन, भाईचारे और झारखंड की तरक्की व खुशहाली के लिए दुआ करने की अपील की। साथ ही उन्होंने यह भरोसा भी दिलाया कि हज यात्रा के दौरान किसी भी हाजी को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

डॉ. अंसारी ने स्पष्ट किया कि वे स्वयं कोलकाता में कैंप कर रहे हैं और हर स्तर पर व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। हाजियों के ठहरने, भोजन, स्वास्थ्य सेवाएं, दस्तावेज़ी प्रक्रिया और यात्रा प्रबंधन से जुड़े हर पहलू पर उनकी पैनी नजर है। मौके पर उन्होंने हाजियों को मेडिकल किट, पासपोर्ट और वीज़ा दस्तावेज सौंपे तथा आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

डॉ. अंसारी ने कहा, "हर हाजी हमारे लिए मेहमान-ए-खुदा है। यह हमारी जिम्मेदारी है कि उन्हें सुरक्षित, सम्मानजनक और सुगम यात्रा का अनुभव मिले-चाहे वह यहां से रवानगी का समय हो या उनकी वापसी।"उल्लेखनीय है कि आज झारखंड के 306 आज़मीन-ए-हज का पहला जत्था कोलकाता से सऊदी अरब (मदीना/जेद्दा) के लिए रवाना होगा। हज 2026 के तहत झारखंड से कुल 1562 हाजी पवित्र यात्रा पर जाएंगे, जिनमें से 1031 हाजी कोलकाता एम्बार्केशन पॉइंट से प्रस्थान करेंगे। रांची, साहिबगंज, जामताड़ा, गोड्डा,पाकुड़, मधुपुर सहित विभिन्न जिलों से आए हाजी कोलकाता पहुंच चुके हैं।

कोलकाता देश के 17 प्रमुख एम्बार्केशन पॉइंट्स में से एक है, जहां हाजियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। झारखंड और पश्चिम बंगाल सरकार के समन्वय से पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित और सुचारु रूप से संचालित किया जा रहा है।

इस अवसर पर झारखंड माइनॉरिटी सेल के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान, अर्शे आलम उर्फ पप्पू, शहजाद अनवर, जावेद अहमद, सोहैल मलिक, मौलाना तसलीम रज़ा, अक़रमुल हसन, अल्तमश अहमद हाशमी, अनवर अहमद सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित