तरनतारन , अप्रैल 01 -- शिरोमणि अकाली दल (शिअद ) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक रविंदर सिह ब्रह्मपुरा ने पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर गहरी चिंता जताते हुए राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि खडूर साहिब के विधायक मनजिंदर सिंह लालपुरा के संरक्षण में स्थानीय आप नेता गरीब और दलित परिवारों पर अत्याचार कर रहे हैं।
श्री ब्रह्मपुरा ने बुधवार को पार्टी नेताओं के साथ गांव वेईपुई और धोटियां का दौरा किया। उन्होंने बेईपुई में उस दलित परिवार के घर का निरीक्षण किया, जिसे कथित तौर पर आप सरपंच हरजिंदर सिंह द्वारा बंदूक की नोक पर आग लगा दी गई थी। पीड़ित परिवार के साथ दुख साझा करते हुए उन्होंने कहा कि घरों और सिख गुरुओं की पवित्र तस्वीरों को जलाना लोकतंत्र और डॉ बी आर अंबेडकर के संविधान पर सीधा हमला है।
धोटियां गांव की एक अन्य घटना का जिक्र करते हुए श्री ब्रह्मपुरा ने आरोप लगाया कि एक दलित युवक को कमरे में बंद कर लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा गया। उन्होंने कहा कि सरपंच बलदेव सिंह गोरा और अन्य लोग खुलेआम कानून की धज्जियां उड़ा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कड़ी मशक्कत के बाद प्राथमिकी तो दर्ज हुई, लेकिन पुलिस राजनीतिक दबाव में आरोपियों को गिरफ्तार करने से बच रही है और आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं।
ब्रह्मपुरा ने कहा, "हमें पंजाब सरकार और पुलिस से न्याय की कोई उम्मीद नहीं बची है। इसलिए पीड़ित परिवारों की ओर से शिरोमणि अकाली दल ने सभी वीडियो सबूतों के साथ राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (एनसीएससी) नयी दिल्ली में शिकायत दर्ज करवाई है।" उन्होंने मांग की कि एनसीएससी तुरंत पंजाब के डीजीपी को तलब करे और इस मामले में जवाब मांगे। साथ ही चेतावनी दी कि यदि विधायक के साले बलदेव सिंह गोरा, सरपंच और अन्य आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर जेल नहीं भेजा गया, तो अकाली दल जोरदार आंदोलन शुरू करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित