नयी दिल्ली , जुलाई 12 -- आम आदमी पार्टी (आप) के दिल्ली अध्यक्ष और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने रविवार को दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग से 650 करोड़ रुपये की स्वास्थ्य योजना से जुड़ी सैकड़ों सरकारी फाइलें गायब होने का आरोप लगाया।

श्री भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि दिल्ली सरकार का सतर्कता विभाग और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) लगभग दो महीने से इस मामले की जांच कर रहे हैं लेकिन उन्हें संबंधित दस्तावेज नहीं मिले हैं। उन्होंने घोटाले से जुड़े टेंडर पेपर, कार्य आदेश और अन्य सरकारी रिकॉर्ड स्वास्थ्य विभाग से गायब होने के आरोप लगाए। श्री भारद्वाज ने सवाल किया कि जांचकर्ताओं को फाइल रिकॉर्ड तक पहुंच क्यों नहीं दी गई, जबकि ये रिकॉर्ड डिजिटल रूप से रखे जाते हैं और सरकार की फाइल प्रबंधन प्रणाली के जरिए ट्रैक किए जाते हैं।

पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि सीसीटीवी सर्विलांस वाले सरकारी कार्यालयों से सैकड़ों फाइलों का गायब होना बिना जवाबदेही के संभव नहीं है। उन्होंने सवाल किया कि क्या सरकार फाइल रिकॉर्ड छिपा रही है और आरोप लगाया कि प्रशासन जिम्मेदार लोगों को बचाने का प्रयास कर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित