नयी दिल्ली , जून 25 -- आम आदमी पार्टी(आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने राम मंदिर जमीन खरीद मामले से जुड़े कथित गड़बड़ी के दस्तावेज उत्तर प्रदेश सरकार की एसआईटी को सौंप दिए हैं।

श्री सिंह ने लखनऊ में गुरुवार को एसआईटी अध्यक्ष विजय विश्वास पंत से मुलाकात के बाद दावा किया कि उन्होंने 11 दस्तावेज सौंपे हैं, जिनमें मंदिर ट्रस्ट द्वारा कथित रूप से बाजार मूल्य से कई गुना अधिक कीमत पर जमीन खरीदने से संबंधित जानकारी शामिल है। उन्होंने कहा कि इन दस्तावेजों के आधार पर आगे क्या कार्रवाई होगी, यह जांच एजेंसी पर निर्भर करेगा।

श्री सिंह ने दावा किया कि उनके द्वारा सौंपे गये दस्तावेजों में कई जमीन सौदों का उल्लेख है, जिनमें कथित तौर पर कम कीमत की जमीन को ट्रस्ट द्वारा कई गुना अधिक मूल्य पर खरीदा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ मामलों में दान में मिली जमीन भी ऊंची कीमत पर ट्रस्ट को बेची गयी, जबकि एक मामले में नजूल भूमि की खरीद का भी जिक्र है। उनका कहना है कि इन सभी मामलों की निष्पक्ष जांच आवश्यक है ताकि सच्चाई सामने आ सके।

आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मामले की जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि एसआईटी केवल छोटे कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है, जबकि बड़े स्तर पर लगे आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राम मंदिर में चढ़ावे, नकदी और अन्य मूल्यवान वस्तुओं से जुड़ी अनियमितताओं की खबरों से करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं।

आम आदमी पार्टी ने पूरे प्रकरण की विस्तृत और पारदर्शी जांच की मांग करते हुए कहा है कि यदि आरोप सही पाये जाते हैं तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। पार्टी का कहना है कि राम मंदिर से जुड़ी किसी भी वित्तीय अनियमितता का मामला करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा है, इसलिए इसकी जांच निष्पक्ष और तथ्य आधारित तरीके से होनी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित