नयी दिल्ली , अप्रैल 02 -- आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा में अपने नेतृत्व में बदलाव करते हुए राघव चड्ढा को उपनेता के पद से हटाकर उनकी जगह पर पंजाब से पार्टी सांसद अशोक मित्तल को राज्यसभा में पार्टी का उपनेता नियुक्त किया गया है।

सूत्रों के अनुसार आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर राघव चड्ढा को पार्टी के उपनेता पद से हटाने की मांग की है। उन्होंने श्री चड्ढा के स्थान पर श्री मित्तल को पार्टी के उपनेता बनाने का आग्रह किया है , हालांकि संजय सिंह राज्यसभा में पार्टी के नेता बने हुए हैं।

जानकारी के मुताबिक आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने गुरुवार को राघव चड्ढा को राज्यसभा में पार्टी के उपनेता के पद से हटाने का फैसला लिया।

सूत्रों के अनुसार श्री चड्ढा पार्टी से चर्चा किए बिना कुछ मुद्दों पर बोल रहे थे। वह राज्यसभा में किन मुद्दों पर बात रखने वाले हैं, उसकी जानकारी भी पार्टी को नहीं देते थे। आम आदमी पार्टी ने इसको लेकर उनको चेतावनी भी दी थी , हालांकि पार्टी की ओर से अभी तक उनके खिलाफ की गई कार्रवाई के पीछे कारण स्पष्ट नहीं किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित