रायपुर, मार्च 14 -- आम आदमी पार्टी (आप) ने वरिष्ठ कार्यकर्ता मुन्ना बिसेन को प्रदेश कोषाध्यक्ष नियुक्त् किया है।
पार्टी नेतृत्व ने वरिष्ठ कार्यकर्ता मुन्ना बिसेन को प्रदेश कोषाध्यक्ष नियुक्त किया है। बिसेन अन्ना आंदोलन के समय से पार्टी की विचारधारा से जुड़े हुए हैं और छत्तीसगढ़ में पार्टी के गठन के बाद से लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि मुन्ना बिसेन पहले प्रदेश सचिव और प्रदेश प्रवक्ता के पद पर रह चुके हैं।
शनिवार को मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2018 में उन्होंने रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ा था। संगठन सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश में पार्टी के विस्तार और कार्यकर्ताओं को जोड़ने में उनके योगदान को देखते हुए यह अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।
संगठनात्मक ढांचे को और सुदृढ़ बनाने के लिए पार्टी ने जयदीप खनूजा को प्रदेश प्रवक्ता तथा शिव कुमार शर्मा को प्रदेश कार्यालय प्रभारी नियुक्त किया है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि नए पदाधिकारियों की नियुक्ति से प्रदेश में पार्टी की पैठ मजबूत होगी और जनहित के मुद्दों को और प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा।
इन नियुक्तियों के साथ ही आप ने छत्तीसगढ़ में आगामी चुनावी तैयारियों और संगठन विस्तार पर अपना फोकस बढ़ा दिया है। पार्टी का मानना है कि इन समर्पित कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में प्रदेश में आम जनता की आवाज को और मजबूती से उठाया जा सकेगा। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने पार्टी नेतृत्व द्वारा सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करने का भरोसा दिलाया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित