नयी दिल्ली , नवंबर 04 -- आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर वायु प्रदूषण के आंकड़ों में हेरफेर कर वास्तविक एक्यूआई को कम दिखाने का आरोप लगाया है।

आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज भारद्वाज ने बुधवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सरकार वायु प्रदूषण के आंकड़ों में हेरफेर कर रही है। उन्होंने इस संबंध में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अध्यक्षों को लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले साल की तरह इस बार भी वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों पर पानी का छिड़काव कर प्रदूषण का स्तर कम दिखाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा के खिलाफ भी आपराधिक कार्रवाई की मांग की है।

आप नेता ने कहा कि पिछले साल भी उनकी पार्टी ने सरकार को आगाह किया था कि दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने के बावजूद एक्यूआई के आंकड़ों को कथित तौर पर कम दिखाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि निगरानी केंद्रों पर पानी का छिड़काव करने के वीडियो भी सामने आए थे, लेकिन सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस साल भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के करीब दो करोड़ लोग सरकारी एक्यूआई आंकड़ों के आधार पर अपनी दिनचर्या और स्वास्थ्य संबंधी फैसले लेते हैं। यदि प्रदूषण का स्तर वास्तविकता से कम दिखाया जाता है तो बुजुर्गों, बच्चों, अस्थमा और हृदय रोग से पीड़ित लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है।

आप नेता ने डॉक्टरों के हवाले से कहा कि प्रदूषित हवा में बाहर निकलने से हृदय रोगियों, अस्थमा से पीड़ित बच्चों और सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे बुजुर्गों की परेशानी बढ़ सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि गलत आंकड़ों के कारण लोग खुद को सुरक्षित समझकर मॉर्निंग वॉक, खेलकूद या घरों की खिड़कियां खोलने जैसे फैसले ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि एक्यूआई के आंकड़ों में कथित हेरफेर से ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) के तहत समय पर प्रतिबंधात्मक कदम लागू करने में बाधा आ सकती है। इससे भारी वाहनों के प्रवेश और औद्योगिक गतिविधियों पर नियंत्रण जैसे जरूरी उपाय प्रभावित हो सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित