बीजापुर, मार्च 05 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में होली पर्व के दौरान पुलिस कर्मियों द्वारा की गई कथित मारपीट और जातिगत टिप्पणी के मामले को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के बस्तर लोकसभा प्रभारी नरेन्द्र नाग ने गुरुवार को घटना की कड़ी निंदा की और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
श्री नाग ने आरोप लगाया कि 04 मार्च की रात आठ बजे बीजापुर में आप के जिला अध्यक्ष सतीश मंडावी के साथ पुलिस ने मारपीट की। उन्होंने बताया कि एएसआई ज्ञानेश तिवारी और दो अन्य पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर मंडावी को डंडों से पीटा और उन्हें "मुरिया गंवार" जैसे अपमानजनक शब्द कहे, जो जातिगत टिप्पणी की श्रेणी में आता है। नाग के अनुसार, इस घटना में थाना प्रभारी का संरक्षण भी शामिल है।
उन्होंने बताया कि इस मारपीट में मंडावी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उनके हाथ-पैर में सूजन आ गई है और शरीर में अंदरूनी चोटें बताई जा रही हैं। उनकी हालत इतनी नाजुक है कि वे बिस्तर से उठने में भी असमर्थ हैं। इसके अलावा, घटना के दौरान उनका ब्लूटूथ, चश्मा, नकदी और अंगूठी भी क्षतिग्रस्त या गायब हुआ है।
उन्होंने इसे आदिवासी समाज का अपमान और लोकतंत्र पर हमला बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून का राज होना चाहिए न कि पुलिस की मनमानी का। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम (एससी-एसटी एक्ट) सहित संबंधित धाराओं में तुरंत प्राथमिकी दर्ज की जाए और उन्हें निलंबित कर बर्खास्त किया जाए।
श्री नाग ने यह भी चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी बीजापुर सहित पूरे बस्तर संभाग में उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी। पार्टी ने इस मामले को सड़क से लेकर सदन तक उठाने की बात कही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित