नयी दिल्ली , मई 29 -- आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की रेखा गुप्ता सरकार अब जल संकट से जूझ रही दिल्ली के आंकड़ों में भी फर्जीवाड़ा कर रही है।

आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आज कहा कि पिछले करीब एक महीने से दिल्ली में पानी को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने दिल्ली सरकार से पूछा था कि कितने इलाकों में पानी नहीं आ रहा है, जिसके जवाब में सरकार ने 10 से 11 फीसदी इलाकों का जिक्र किया है। यह दावा पूरी तरह से झूठा है, क्योंकि सच्चाई यह है कि आज दिल्ली के करीब 30 से 40 फीसदी इलाकों में पानी नहीं आ रहा है और जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। दिल्ली के जल मंत्री को वह सूची सार्वजनिक करनी चाहिए, जिसके आधार पर उन्होंने यह दावा किया है। अगर वह सूची सामने आती है, तो आप ऐसे बहुत सारे इलाकों के नाम बता सकती है जिन्हें सरकार ने जानबूझकर उस सूची से बाहर रखा है। lआप के वरिष्ठ नेता एवं बुराड़ी से विधायक संजीव झा न कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ट्वीट करके लोगों को पक्षियों के लिए पानी रखने की सीख दे रही हैं। लेकिन दिल्ली में जब इंसान ही बूंद-बूंद पानी को तरस रहा है, तब सरकार आखिर कर क्या रही है? दिल्ली के कई इलाकों में पिछले 20 दिनों से जल बोर्ड की सप्लाई बंद पड़ी है। लोग टैंकरों के पीछे धक्के खा रहे है। पक्षियों की चिंता अच्छी बात है, लेकिन पहले दिल्लीवासियों को तो पानी दिलाइए। जिस सरकार से राजधानी के लोगों को पीने का पानी नहीं संभल रहा, वो सिर्फ फोटो और रील की राजनीति कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित